अररिया जिले के बैरगाछी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मोहनपुर गांव में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 518 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक बाइक भी जब्त की है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनके पास से 518 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. लादेन मोमिन और अब्दुल गफ्फार के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लेकर अररिया पहुंचे थे। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
एसडीपीओ ने बताया कि जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
