झरिया के लोदना 9 नंबर साइडिंग स्थित शारदा माइंस में लगभग 16 मैकेनिकल मजदूरों को कथित तौर पर कोयला चोरी के आरोप में काम से बैठा दिए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। रोजगार छिनने से परेशान मजदूरों ने सांसद ढुलू महतो से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी, जिसके बाद कंपनी के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।:
जानकारी के अनुसार, शारदा माइंस प्रबंधन ने लगभग 16 मैकेनिकल मजदूरों को कोयला चोरी के आरोप में काम से बैठा दिया है। मजदूरों का कहना है कि बिना ठोस सबूत के उन पर आरोप लगाकर उन्हें काम से वंचित किया गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
अपनी समस्या को लेकर मजदूर सांसद ढुलू महतो के आवास पहुंचे और पूरी घटना से अवगत कराया। इसके बाद सांसद के निर्देश पर पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि राम गोराई, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन असंगठित मोर्चा के लोदना कोलियरी सचिव सूरज भुईयां तथा प्रभावित मजदूर शारदा माइंस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने कहा कि बड़े स्तर पर कोयले की चोरी करने वाले माफिया खुलेआम सक्रिय हैं, जबकि गरीब मजदूरों पर आरोप लगाकर उन्हें काम से हटाया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों के साथ अन्याय बंद करने और उन्हें तत्काल काम पर बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
