कैंचीधाम मेले की ड्यूटी पर आए दो सिपाहियों पर छेड़खानी का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा

नीम करौली बाबा के प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को होने वाले वार्षिक मेले से पहले एक विवादित घटना सामने आई है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़खानी का आरोप लगा है। आरोप के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों सिपाहियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।      जानकारी के अनुसार, कैंचीधाम मेले की ड्यूटी पर आए दो सिपाही मंदिर के समीप एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। इसी दौरान स्थानीय युवती ने दोनों पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

आरोप है कि गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों सिपाहियों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी और उन्हें पुलिस चौकी तक ले गए। इसके बाद चौकी का घेराव करते हुए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। वहीं दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।