पुलिस लाइन में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, एसपी ने किया शुभारंभ

देवरिया पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ सावित्री हॉस्पिटल के सहयोग से फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना था।  शिविर के उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वेच्छा से रक्तदान करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। वहीं रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच, परामर्श और रक्तदान की व्यवस्थाओं की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर एएसपी उत्तरी आनंद पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और चिकित्सक मौजूद रहे।