पारस हेल्थ रांची और बीजीएच बोकारो ने आयोजित किया सीएमई कार्यक्रम,

पारस हेल्थ, रांची एवं बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के संयुक्त तत्वावधान में शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (Continuing Medical Education – CME) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीजीएच तथा बोकारो के कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीजीएच के कार्यकारी निदेशक (ED) डॉ. बी.बी. करुणामय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नवीनतम चिकित्सा तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। नेफ्रोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. अशोक कुमार बैद्य ने किडनी रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान और आधुनिक उपचार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।

वहीं, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने न्यूरोलॉजिकल रोगों, उनके निदान और आधुनिक सर्जिकल तकनीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जटिल न्यूरो संबंधी मामलों के सफल उपचार और नई तकनीकों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।

सीएमई कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और चिकित्सा क्षेत्र में आ रहे नए बदलावों एवं चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा ज्ञान एवं तकनीकों से अवगत कराना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग बढ़ाना था।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी चिकित्सकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञानवर्धन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।