नालंदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मुद्दाविहीन हो चुका विपक्ष अब छात्रों और युवाओं को मोहरा बनाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। बिहारशरीफ स्थित सर्किट हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार की मौजूदगी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कई राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल युवाओं और छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता के वास्तविक मुद्दों से भटक चुका है और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके सरकारी आवास को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर उस बंगले में ऐसा कौन सा “खजाना” छिपा है, जिसे लेकर लगातार विवाद और चर्चाएं होती रहती हैं।
कुख्यात अपराधी संतोष डॉन के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) और एसटीएफ की कार्रवाई के बाद सामने आई तस्वीरों को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री या जनप्रतिनिधि के साथ किसी व्यक्ति की तस्वीर होने मात्र से वह व्यक्ति निर्दोष या दोषी साबित नहीं हो जाता। सार्वजनिक जीवन में नेताओं से बड़ी संख्या में लोग मिलते हैं और तस्वीरें खिंचवाते हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है तथा कानून अपना काम कर रहा है। राज्य सरकार अपराध नियंत्रण और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को लेकर सरकार लगातार सक्रिय है।
