साइबर अपराधी को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव

 झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया और आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 जून की रात साइबर थाना की टीम अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चामलिटी गांव निवासी साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा और अफरा-तफरी के बीच आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया गया।

घटना के बाद अहिल्यापुर थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

गठित टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए फरार साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को पुनः गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और आरोपी को भगाने में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।