समस्तीपुर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की रहीमाबाद पंचायत कमिटी की बैठक रविवार को पंचायत क्षेत्र के जोगी स्थान परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीलम देवी ने की। इस दौरान संगठन विस्तार, जनसमस्याओं और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2026 के भीतर पंचायत में 1000 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। वक्ताओं ने कहा कि खेत मजदूरों, गरीबों और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में भूमि एवं आवास से जुड़े मामलों, रद्द किए गए राशन कार्डों को पुनः बहाल करने, मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि गरीब और मजदूर वर्ग आज भी कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिसके खिलाफ संगठित संघर्ष की आवश्यकता है।
इसके साथ ही 22 जून को प्रस्तावित ताजपुर थाना घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
संगठन के नेताओं ने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा और प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
