चोरी की बुलेट बाइक और मोबाइल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर जिले के हलई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल, कई मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, हलई थानाध्यक्ष को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सूर्यपुर गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान अभिषेक कुमार झा (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय अश्विनी झा, निवासी सूर्यपुर, थाना हलई, जिला समस्तीपुर के घर से चोरी की एक हंटर बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद बाइक के दोनों पहिए, सीट, टंकी और अन्य पुर्जे खोलकर अलग-अलग स्थानों पर रखे गए थे, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद किए। मौके से अभिषेक कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद सामान के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं। साथ ही मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

हलई थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा चोरी के अन्य मामलों के खुलासे की संभावना है।