पटना असम के जोरहाट एयरबेस पर हुए एएन-32 विमान हादसे में शहीद हुए बिहार के दो वीर जवानों, अग्निवीर दानिश आलम और फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को विशेष विमान से बिहटा एयरफोर्स स्टेशन लाया गया। दोनों वीर सपूतों के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों के पार्थिव शरीर के पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “भारत माता की जय” और “अमर शहीद अमर रहें” के नारों के साथ अपने वीर जवानों को अंतिम सलाम किया। भारतीय वायुसेना की ओर से दोनों शहीदों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई।
सैन्य सम्मान के उपरांत दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान रास्तेभर लोगों ने फूल बरसाकर अपने वीर बेटों को भावभीनी विदाई दी। शहीदों के सम्मान में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
शहीद अग्निवीर दानिश आलम और फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के बलिदान को याद करते हुए लोगों ने कहा कि देश उनके सर्वोच्च त्याग को कभी नहीं भूलेगा। दोनों वीर सपूतों की शहादत पर पूरे बिहार में शोक की लहर है।
