चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, करोड़ों के एसी और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख

नालंदा जिले के बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग पर स्थित सारे थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोड़ के पास इलेक्ट्रॉनिक सामानों से लदे एक कंटेनर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कंटेनर से धुएं का घना गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक राजीव कुमार पटना से एयर कंडीशनर (एसी) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर सहरसा जा रहा था। बहादुरपुर मोड़ के समीप पहुंचते ही चालक को कंटेनर से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब तक वह स्थिति को समझ पाता, आग ने तेजी से पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें कई फीट ऊंची उठने लगीं और कंटेनर में लदे आधे से अधिक एसी एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।