गंगा कटान से बढ़ी चिंता, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार, तटबंध सुरक्षा की मांग तेज

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद स्थित कोटवा नारायणपुर क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते कटान और संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता नारद राय के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराया और तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गंगा तट पर बसे कोटवा नारायणपुर से राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31 गुजरता है। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक डाक बंगला, प्राचीन मंदिर और करइल क्षेत्र का बड़ा हिस्सा भी कटान की जद में आने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 30 वर्ष पूर्व सरकार द्वारा लगभग चार किलोमीटर क्षेत्र में पत्थरों के बोल्डर डालकर तटबंध को सुरक्षित किया गया था, लेकिन समय के साथ अधिकांश बोल्डर गंगा की धारा में धंस चुके हैं, जिससे कटाव का खतरा फिर बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून और संभावित बाढ़ से पहले तटबंधों को मजबूत किया जाए तथा कटान रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाएं। वहीं जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।