बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास प्रखंड अंतर्गत तेतुलिया मौजा और एनएच-23 स्थित बारी को-ऑपरेटिव मोड़ के बीच गरगा नदी पर बनने वाले नए उच्चस्तरीय पुल का शिलान्यास विधायक श्वेता सिंह ने किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही स्थानीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि यह पुल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से लोगों को बारिश और बाढ़ के दौरान होने वाली आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी तथा चास, बारी को-ऑपरेटिव और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इसके अलावा व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने यह भी भरोसा दिलाया कि बारी को-ऑपरेटिव क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य में और भी कई विकास योजनाएं लाई जाएंगी। स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया |
