टिनप्लेट अस्पताल के कर्मचारियों ने उप श्रमायुक्त से लगाई गुहार, काम से हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग

जमशेदपुर स्थित टिनप्लेट अस्पताल में मेसर्स डॉ. टी.सी. जॉन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने उप श्रमायुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर उन्हें काम से हटाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अचानक उन्हें कार्यमुक्त करने का नोटिस जारी कर दिया गया, जिससे उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

कर्मचारियों के अनुसार इस मामले को लेकर श्रम विभाग में पहले से ही शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है और विवाद उप श्रमायुक्त के समक्ष विचाराधीन है। मामले की अगली सुनवाई 18 जून 2026 को निर्धारित है। कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद लंबित रहने और सुनवाई प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद 15 जून को उन्हें काम से हटाने की कार्रवाई की गई, जो श्रम कानूनों और विभागीय प्रक्रियाओं के विपरीत है।

शिकायतकर्ताओं ने उप श्रमायुक्त से हस्तक्षेप कर कार्रवाई पर रोक लगाने तथा मामले का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक विवाद का अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक उन्हें कार्य से नहीं हटाया जाना चाहिए। इस मामले को लेकर श्रमिकों में चिंता और असंतोष का माहौल है।