मलमास मेला 2026: 3.82 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे राजगीर,

 राजकीय मलमास मेला 2026 के सफल समापन के बाद नालंदा प्रशासन ने मेले से जुड़े विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 17 मई से 15 जून तक चले एक माह लंबे इस धार्मिक आयोजन में लगभग 3 करोड़ 82 लाख श्रद्धालु एवं पर्यटक राजगीर पहुंचे और विभिन्न कुंडों एवं पवित्र जलधाराओं में आस्था की डुबकी लगाई।

प्रशासन के अनुसार मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए 15 आवासन स्थलों में कुल 13 लाख 87 हजार 912 लोगों ने अस्थायी ठहराव की सुविधा प्राप्त की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मेला क्षेत्र में 1200 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा लगभग 5000 पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

मेले की निगरानी के लिए 426 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनके माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासन ने बताया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का भी प्रभावी उपयोग किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर भी प्रशासन ने बेहतर व्यवस्था का दावा किया है। मेले के दौरान विभिन्न चिकित्सा शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों में 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का इलाज किया गया। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहीं, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकी।

डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के समन्वित प्रयास से मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं एसपी भारत सोनी ने बताया कि पूरे मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया।

प्रशासन ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।