नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के खपुरा गांव में एक 42 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से परिवार में मातम पसरा है। मृतक की पहचान बब्लू बिंद के रूप में हुई है, जो पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के बल्लू पर गांव के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार बब्लू बिंद अपनी पत्नी के साथ गुजरात के सूरत में मजदूरी करते थे। 14 जून को वे अपने घर लौटे थे, जिसके बाद अपनी ससुराल खपुरा गांव पहुंचे। परिवार का कहना है कि गांव आने के बाद से वे काफी शांत और मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहे थे।
बताया जाता है कि देर रात परिजनों ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
परिजनों का दावा है कि हाल के दिनों में परिवार में हुई कुछ घटनाओं के कारण बब्लू बिंद तनाव में थे। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
