पुलिस के सामने पिस्तौल लहराने वाला युवक निकला मानसिक रूप से अस्वस्थ, वीडियो वायरल

आरा भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों के सामने पिस्तौल तानकर उन्हें धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में संवाद बोलते हुए पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाता नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव का है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच में पता चला कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। इसी कारण उसने इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना और असामान्य व्यवहार किया। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक और उसके परिजनों से पूछताछ की गई है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास मौजूद हथियार वास्तविक था या नहीं। फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी वीडियो या सूचना को साझा करने से बचें।