पटना जानीपुर थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को जानीपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जानीपुर थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 दीपक कुमार एवं जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए त्वरित कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
