कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी के दौरान बुजुर्ग ने खुद को लगाई आग, कोर्ट कमिश्नर की पिटाई

 मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी की कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल हो गया। प्रशासनिक टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने विरोध जताते हुए खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासनिक टीम पर फूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर भूमि संबंधी मामले में दखल-दिहानी कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अधवारी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान एक पक्ष के बुजुर्ग व्यक्ति ने कार्रवाई का विरोध करते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को देखकर वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद उग्र भीड़ ने कोर्ट कमिश्नर समेत प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान कोर्ट कमिश्नर के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

आग से झुलसे बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अधवारी गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।