ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक गांव में मंगलवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।
इस दौरान नेताओं ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने तथा गरीब, खेत मजदूर और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने की बात कही। उन्होंने भूमिहीनों को वासभूमि एवं आवास उपलब्ध कराने, जरूरतमंदों के रद्द राशन कार्ड को बहाल करने तथा शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और भूमि से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में काम, भूमि, आवास, शिक्षा-चिकित्सा और राशन कार्ड रद्द किए जाने जैसी समस्याओं को लेकर आम लोग परेशान हैं। इन मुद्दों के समाधान के लिए संगठन स्तर पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने यह भी घोषणा की कि हत्यारे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और संगठन की सदस्यता ली गई।
