धनबाद में फर्जी किन्नरों के बढ़ते मामले पर कल्याण बोर्ड ने डीसी से की शिकायत

धनबाद जिले में फर्जी किन्नरों की बढ़ती संख्या को लेकर किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताई है। झारखंड सरकार के किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर तथा धनबाद जिला किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर ने धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात कर इस मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में फर्जी किन्नरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वास्तविक किन्नर समुदाय के अधिकारों और सम्मान पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा संचालित गरिमा गृह योजना को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि इस योजना में वास्तविक किन्नर समुदाय की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, जिससे इसके लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच रहे हैं।

प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि योजनाओं के संचालन और लाभ वितरण की प्रक्रिया को किसी पारदर्शी व्यवस्था के तहत लागू किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को ही इसका फायदा मिल सके।

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।