मोतिहारी में राजद का एकदिवसीय धरना, महंगाई-बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार पर साधा निशाना

मोतिहारी पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के कचहरी चौक पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज यादव ने की। धरने में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी डॉ. राजेश कुशवाहा, पूर्व मंत्री डॉ. समीम अहमद सहित जिले के अनेक वरिष्ठ नेता अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेरा।

राजद नेताओं ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि प्रखंड, अंचल, अनुमंडल और जिला स्तर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।

नेताओं ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उनका कहना था कि राज्य में रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई है।

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेती के मौसम में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों के लिए खाद और अन्य कृषि संसाधनों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने सरकार से जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।