उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र में आयोजित एक जन्मदिन समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह के कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई दर्शक और पवन सिंह के प्रशंसक घायल हो गए। घायलों में कुछ लोगों के सिर फूटने तथा हाथ-पैर में चोट लगने की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार नगरा ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह के रिश्तेदार एवं कारोबारी विनय सिंह के पुत्र श्रेयश के जन्मदिन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह तथा सांसद एवं अभिनेता रवि किशन पहुंचे थे। कार्यक्रम सोमवार देर रात करीब 10 बजे शुरू हुआ, जहां दोनों कलाकारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर क्षमता से अधिक भीड़ पहुंचने के कारण व्यवस्था बिगड़ गई। मंच के करीब पहुंचने की होड़ और धक्का-मुक्की के चलते हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।
