बिहार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भागलपुर समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और नेता धरना स्थल पर जुटे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व राजद के पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है और युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। साथ ही शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
जयप्रकाश यादव ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, जबकि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने और बेरोजगारी, महंगाई तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की।
धरना के अंत में राजद नेताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
