मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड अंतर्गत हुर्राही चौक पर बुधवार देर रात भीषण आग लगने से पांच दुकानें और एक आवासीय घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना बेनीपट्टी-उमगांव मुख्य मार्ग स्थित हुर्राही चौक पर रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों और एक आवासीय मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग और हरलाखी थाना को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें और घर में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
अग्निकांड में किराना, कपड़ा एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। साथ ही आवासीय घर में रखे फर्नीचर, कपड़े, आवश्यक दस्तावेज और घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
