अधवारी गांव पहुंचे डीआईजी व एसपी, आग में झुलसे बुजुर्ग मामले की जांच

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलहा पंचायत के अधवारी गांव में दखल-दिहानी के दौरान आग में झुलसकर गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग के मामले ने प्रशासनिक महकमे का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बुधवार को भारत-नेपाल समन्वय बैठक से लौटने के क्रम में रंगा परिक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर दखल-दिहानी की कार्रवाई के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया था। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

बुधवार को डीआईजी और एसपी ने अधवारी गांव पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, पीड़ित पक्ष तथा पुलिस पदाधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्यों का भी अवलोकन किया।

बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार हरलाखी क्षेत्र में आयोजित भारत-नेपाल समन्वय बैठक से लौटने के दौरान सीधे बेनीपट्टी पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी भी उनके साथ थे, हालांकि वे बेनीपट्टी थाना परिसर में नहीं रुके। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने अधवारी गांव जाकर मामले की जांच की।

अधिकारियों ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

प्रशासन ने लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है तथा भरोसा दिलाया है कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी