मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड अंतर्गत कालिकापुर गांव में वरिष्ठ पत्रकार एवं साम्यवादी नेता स्वर्गीय कृष्ण मोहन झा की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सर्वदलीय संकल्प सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गांव स्थित कचहरी परिसर में आयोजित हुआ, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा की शुरुआत स्वर्गीय कृष्ण मोहन झा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए समाज, पत्रकारिता और जन आंदोलनों में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष वरुण कुमार सिंह, प्रखंड मुखिया महासंघ के अध्यक्ष एवं लोहा पंचायत के मुखिया राजेश मिश्र, कालिकापुर पैक्स अध्यक्ष सुरेश साहु, राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष प्रो. शंभू प्रसाद यादव, समाजसेवी महेश्वर राम, सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मी दास, पीडीएस विक्रेता चलितर साहु, राम अवतार पासवान सहित दर्जनों लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. कृष्ण मोहन झा ने अपने जीवन में पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वे हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद करने के लिए संघर्षरत रहे। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने तथा सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर तथा स्वर्गीय कृष्ण मोहन झा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
