शादी का झांसा देकर चार साल तक शोषण का आरोप, दहेज मांगने का भी दावा

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत स्थित एसबीआई शाखा के क्रेडिट कार्ड विभाग में कार्यरत एक युवती ने मोतीपुर पंचायत के बेरदह गांव निवासी फुलेश्वर कुमार यादव पर प्रेम संबंध के नाम पर चार वर्षों तक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाए रखा।

युवती के अनुसार, जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी उसे झारखंड के देवघर स्थित शिव मंदिर ले गया, जहां कथित रूप से शादी की रस्में पूरी कराई गईं। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद जब उसने आरोपी से अपने घर ले जाने और वैवाहिक जीवन शुरू करने की बात कही तो आरोपी और उसके परिजनों द्वारा दहेज की मांग की जाने लगी।

पीड़िता ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थ थे। आरोप है कि इसी कारण आरोपी ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और उससे दूरी बनाने लगा। युवती का कहना है कि उसने आरोपी पर भरोसा कर अपना भविष्य उसके साथ जोड़ लिया था, लेकिन अब उसे न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

पीड़िता ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी एवं उसके परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि उसे मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया गया है।

वहीं, मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।