बैरागीवाला हिंसा पर AIMIM प्रदेश अध्यक्ष नय्यर काजमी ने जताई चिंता

विकासनगर के बैरागीवाला गांव में विनोद कश्यप की हत्या के बाद भड़की हिंसा, तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष नय्यर काजमी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नय्यर काजमी ने कहा कि विनोद कश्यप की हत्या बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हत्या में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। काजमी ने कहा कि ऐसी घटनाओं में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।

हालांकि, उन्होंने हत्या के बाद कुछ संगठनों द्वारा कथित रूप से चुनिंदा घरों में की गई तोड़फोड़ और बिना नोटिस बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है और किसी भी कार्रवाई को संविधान तथा कानूनी प्रक्रिया के दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए।

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संविधान हर नागरिक को न्याय और निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार देता है। यदि किसी व्यक्ति पर आरोप हैं तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, न कि भीड़ या दबाव के आधार पर।

उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषी चाहे किसी भी पक्ष के हों, उनके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।