जमीनी विवाद में दलित परिवार पर हमला का आरोप, पांच घायल, मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत बनीपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और लाठी-डंडे व धारदार हथियार से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पीड़ित उदय राज पुत्र धोखे द्वारा थाने में दी गई नामजद तहरीर के अनुसार, घटना 13 जून की रात करीब 10 बजे की है। आरोप है कि गांव के ही चंद्रिका प्रसाद पुत्र शांति प्रसाद, रवि पुत्र चंद्रिका प्रसाद, खुशबू, नेहा और सविता ने एक राय होकर उनके घर पर हमला कर दिया।

तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। इस घटना में राम उजागर, उनकी पत्नी प्रेमा, पुत्र लवकुश, रेखा तथा धोखे पुत्र साहबदीन सहित परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

घटना के बाद घायल लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उन्हें सुरक्षा की चिंता बनी हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।