पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनिया देवी चौक स्थित भारतमाला पथ पर एक अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान चैता पंचायत वार्ड संख्या-7 निवासी संजय पासवान, उमेश राम एवं हरि पासवान के रूप में की गई है।
घायल हरि पासवान ने बताया कि तीनों व्यक्ति पकड़ीदयाल से काम कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुनिया देवी चौक के समीप तेज रफ्तार एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार घायल संजय पासवान और उमेश राम की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि तीसरे घायल का भी इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात पिकअप वाहन की पहचान करने और चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर चिंता जताते हुए भारतमाला पथ पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।
