19 जून को गोंडा आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को एक बार फिर गोंडा जिले के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय, लोक भवन द्वारा बुधवार देर शाम जारी प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे तक गोंडा में रहेंगे और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के साथ नई कार्य योजनाओं पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवीपाटन और बस्ती मंडल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से संबंधित पुराने कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा नई परियोजनाओं को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। यह 13 दिनों के भीतर उनका दूसरा गोंडा दौरा होगा।

मुख्यमंत्री गोंडा के मंडलीय कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में लगभग 1 घंटा 35 मिनट तक समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में देवीपाटन और बस्ती मंडल के सभी संबंधित अधिकारी एवं विभागीय प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक के दौरान विकास योजनाओं की प्रगति, सड़क निर्माण कार्यों, आधारभूत संरचना विकास तथा जनहित से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और संबंधित विभाग बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।