लालकुआँ क्षेत्र के बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने के दावे की स्वीकृति के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 19 जून 2026 (शुक्रवार) को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वनाधिकार संगठन बिंदुखत्ता के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, विशाल भंडारे और विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 जून 2024 को जिलास्तरीय वनाधिकार समिति द्वारा बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम के दावे को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जो क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष का महत्वपूर्ण परिणाम था।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह दिन बिंदुखत्ता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज है। इसी उपलब्धि की दूसरी वर्षगांठ को उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम के तहत सुंदरकांड पाठ के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
वनाधिकार संगठन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उत्सव में भाग लेने की अपील की है। पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बिंदुखत्ता के लोगों के संघर्ष, एकता और अधिकारों की जीत का प्रतीक है।
कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
