मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की लंगूर के हमले से मौत, क्षेत्र में दहशत

लालकुआं में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की लंगूर के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्रवासियों में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में बढ़ते बंदरों और लंगूरों के आतंक पर तत्काल नियंत्रण की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी मोहम्मद इदरीश (69 वर्ष) मंगलवार तड़के अपने मित्रों के साथ डॉर्बी फील्ड में मॉर्निंग वॉक के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह वार्ड नंबर-3 की सड़क से डॉर्बी फील्ड की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक लंगूर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

अचानक हुए इस हमले में मोहम्मद इदरीश संतुलन खो बैठे और सड़क पर सिर के बल गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में बंदरों और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई लोग इनके हमलों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में उत्पात मचा रहे बंदरों और लंगूरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।