नालंदा जिले के रहुई नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गैबी गांव में आयोजित गैबी प्रीमियर लीग (GPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रोमांच और उत्साह के बीच खेला गया। खिताबी मुकाबले में देकपुरा और महमदपुर की टीम आमने-सामने थीं, जहां महमदपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर महमदपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी देकपुरा की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 147 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महमदपुर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 13 ओवर में 4 विकेट खोकर 147 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महमदपुर की जीत के बाद गैबी गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों और समर्थकों में काफी उत्साह नजर आया। शानदार खेल प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के खिलाड़ियों की जमकर सराहना की गई।
आयोजकों ने बताया कि GPL के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने आयोजक मंडली को बधाई दी।
फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और पूरे मैच का आनंद उठाया। खेल भावना और उत्साह के साथ संपन्न हुए इस मुकाबले ने ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति बढ़ते जुनून को भी दिखाया।
