समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट की योजना बना रहे चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के दिशा-निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकमेहसी थाना के अपर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० सब्बीर खान के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि चकमेहसी थाना क्षेत्र के सिमरी पोखर भिंडा के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राहुल कुमार, विकास कुमार, विशाल कुमार और मो. अमन के रूप में हुई है। सभी आरोपी मालीनगर सिमरी थाना चकमेहसी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी कुख्यात अपराधी अमन सहनी गिरोह से जुड़े हुए हैं। छापेमारी के दौरान गिरोह का सरगना अमन सहनी और उसके कुछ अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की गतिविधियों और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
