सरकारी नौकरी का झांसा देकर नेटवर्क मार्केटिंग में फंसाए गए 105 युवक-युवतियां मुक्त

समस्तीपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को नेटवर्क मार्केटिंग में जबरन काम कराने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस की कार्रवाई में कुल 105 लोगों को मुक्त कराया गया है। मामला लीड विजन ट्रेडिंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड (गलवे) के नाम से संचालित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से समस्तीपुर जिले में नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर युवाओं से जबरन काम करवाने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के लिए साइबर थाना और नगर थाना की संयुक्त टीम ने जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया।

मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से भी निर्देश प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर संबंधित स्थान पर छापेमारी की गई और वहां मौजूद युवाओं को मुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, युवाओं को सरकारी नौकरी और बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर नेटवर्क मार्केटिंग से जोड़ा गया था। इसके बाद उनसे लंबे समय तक काम करवाए जाने की बात सामने आई है।

मुक्त कराए गए सभी लोगों से पुलिस पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है और युवाओं को फंसाने में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

समस्तीपुर पुलिस ने कहा है कि युवाओं को गुमराह कर आर्थिक या मानसिक शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।