20 जून के बाद नहीं मिलेगा लाइसेंस, मुहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन का बड़ा आदेश

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार देर शाम अस्थावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) रविन्द्र कुमार चौपाल ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ताजिया कमेटी के सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ रविन्द्र कुमार चौपाल ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए कि मुहर्रम जुलूस में डीजे, लाठी-डंडा, तलवार, भाला अथवा किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि जुलूस केवल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही निकाला जाएगा। सभी अखाड़ा एवं ताजिया समितियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जुलूस के दौरान अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि मुहर्रम जुलूस के लिए लाइसेंस आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी नए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित समितियां समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें।

प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मुहर्रम को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।