पिपराही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल सर्जन ने किया निरीक्षण

 शिवहर जिले के पिपराही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान साफ-सफाई की स्थिति को लेकर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी सामने आया। अस्पताल में डेंटल डॉक्टर नहीं होने को लेकर पूछे जाने पर सिविल सर्जन ने बताया कि डेंटल चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति के लिए विभागीय स्तर पर सचिवालय को सूचना भेजी गई है।

वहीं लाखों रुपये की लागत से उपलब्ध ईसीजी मशीन सेवा बंद होने का मामला भी सामने आया। बताया गया कि पहले प्रशिक्षित नर्स वीणा कुमारी के माध्यम से अस्पताल में ईसीजी सेवा संचालित की जाती थी, लेकिन उनका तबादला शिवहर हो जाने के बाद से यह सुविधा प्रभावित है।

सिविल सर्जन ने बताया कि ईसीजी सेवा को जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।