नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली

धनबाद समाज को नशामुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार की सुबह झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, धनबाद द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय की करीब 224 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहरवासियों को नशे के दुष्प्रभाव एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रैली के दौरान छात्राओं ने “नशा छोड़ो, जिंदगी से नाता जोड़ो” और “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। छात्राएं हाथों में जागरूकता से संबंधित तख्तियां लेकर स्वच्छ, स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश देती नजर आईं।

इस दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें समाजहित के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्राओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का यह एक प्रभावी प्रयास है।