पति-पत्नी को बंधक बनाकर डकैती, विरोध करने पर महिला के सिर पर पिस्तौल से किया हमला

नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के गागोबिगहा गांव में बुधवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक किसान के घर में धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अपराधियों ने पति-पत्नी को बंधक बनाकर करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और उसके सिर पर पिस्तौल से हमला कर दिया गया।

पीड़ित स्वर्गीय जगदीश प्रसाद सिंह के पुत्र प्रवीण कुमार ने बताया कि रात करीब 12:15 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब 10 की संख्या में हथियारबंद अपराधी छत के रास्ते घर में घुस आए। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर पति-पत्नी को डराया और बंधक बना लिया।

इसके बाद अपराधियों ने गोदरेज और पेटी में रखे लगभग 20 भर सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। घटना के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने महिला के साथ मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।