उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कौड़िया थाना क्षेत्र के रामापुर सड़क मार्ग के किनारे पुलिया के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान कौड़िया थाना क्षेत्र के छिरास निवासी अमित शुक्ल (38) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमित शुक्ल सुबह सब्जी लेने रामापुर बाजार गया था, लेकिन दोपहर तक वापस घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो उसका शव आर्यनगर-करनैलगंज मार्ग स्थित रामापुर सड़क के किनारे एक बाउंड्री के पास मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।
