झारखंड के रामगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर के आसपास की दुकानों में अवैध विदेशी शराब की सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद की है, साथ ही एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बंदा में अशोक साव और अनिल साव अपने घरों में अवैध विदेशी शराब का निर्माण कर रहे हैं और तैयार शराब को रजरप्पा मंदिर क्षेत्र के आसपास की दुकानों में सप्लाई किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब, शराब बनाने की सामग्री सहित अन्य सामान जब्त किया गया। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
