PM-VBRY के तहत 15 लाख युवाओं को मिली ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि !

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 15 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।

सरकार के अनुसार, यह योजना औपचारिक क्षेत्र में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नई नौकरियों से जोड़ने के लिए शुरू की गई है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले पात्र युवाओं को उनके पहले महीने के वेतन के बराबर, अधिकतम ₹15,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

यह रोजगार आधारित प्रोत्साहन योजना श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के माध्यम से संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा दायरे का विस्तार करना भी है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2025 से अब तक 63 लाख से अधिक प्रथम बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को औपचारिक कार्यबल से जोड़ा गया है, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लाभार्थी युवाओं और नियोक्ताओं से संवाद भी किया तथा कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने रोजगार सृजन और कौशल विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उद्योगों से अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

office
Author: office