पटना जिले के बिक्रम प्रखंड से खेल जगत की बड़ी खबर सामने आई है। अख्तियारपुर-मंझौली ग्राम पंचायत स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है। करीब 650 से ज्यादा खिलाड़ी शूटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि बिहार में शूटिंग खेल को लेकर युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है और इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करा रहे हैं।
