नाबालिग से रेप मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज, भाकपा माले ने दी आंदोलन की चेतावनी

समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। फतेहपुर गांव में नाबालिग से रेप मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर ग्रामीणों और संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को भाकपा माले की जांच टीम पीड़िता के गांव फतेहपुर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से भी बातचीत की।

भाकपा माले जांच टीम के नेतृत्वकर्ता और ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पुलिस मामले को मैनेज करने के बजाय आरोपी को जल्द गिरफ्तार करे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो महिला संगठन ऐपवा और भाकपा माले सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।