कृषि निदेशक बिहार पटना के निर्देश पर खानपुर प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में आत्मा समस्तीपुर के तत्वावधान में शारदीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसलों से जुड़ी योजनाओं, आधुनिक खेती की तकनीक और जैविक खेती के महत्व की जानकारी दी गई। खानपुर प्रखंड कृषि कार्यालय के प्रांगण में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अंचलाधिकारी मनीष कुमार, जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह एवं प्रियंका कुमारी, प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी शौकत अली ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मौजूद किसानों को खरीफ मौसम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से वैज्ञानिक तरीके अपनाकर खेती करने की अपील की।
मौके पर कृषि वैज्ञानिकों ने जैविक खेती पर जोर देते हुए कहा कि लगातार रासायनिक खाद और दवाओं के इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। किसानों को अपनी जमीन और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जैविक खेती की ओर बढ़ना चाहिए।
केवीके बिरौली की कृषि वैज्ञानिक भारती उपाध्याय ने किसानों को बेहतर उत्पादन, फसल प्रबंधन और प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और लोगों को सुरक्षित भोजन मिल सकता है।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक दीक्षा रानी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनामिका प्रियदर्शी, सहायक तकनीकी प्रबंधक समेत कृषि विभाग के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
