मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, दिए गए आवश्यक निर्देश

मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना परिसर में मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अनिल कुमार ने की। इस दौरान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बीडीओ अनिल कुमार ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देने वाला पर्व है। सभी लोग आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि जुलूस निकालने वाली सभी समितियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

वहीं बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने कहा कि ताजिया जुलूस को सड़क के बाएं तरफ से ले जाने की अनुमति होगी। बिना लाइसेंस के ताजिया बनाने और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिन्हित सभी संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती रहेगी। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

बैठक में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाकर आपसी एकता और भाईचारे का संदेश दें।