बिहार के सरकारी अस्पतालों में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। पूर्वी चंपारण जिले के छौरादानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और मुफ्त दवा व चश्मे की सुविधा से मरीजों को राहत मिल रही है। छौरादानो सीएचसी में अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आंखों से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर अस्पताल में नेत्र रोगियों के इलाज की सुविधा शुरू की गई है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि यहां अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों को बेहतर सेवा दी जा रही है। आईजीआईएमएस के पूर्व डॉक्टर कार्तिकेश कुमार और नेत्र सहायक मोहम्मद कलीमुल्ला मरीजों की जांच और उपचार कर रहे हैं।
सरकार की योजना के तहत मरीजों को आंखों की जांच, जरूरी दवाएं और चश्मा मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे खासकर ग्रामीण इलाकों के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज आसानी से मिल सके।
