बलिया में ओमप्रकाश राजभर को सपा नेता की खुली धमकी

 उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सपा नेता भानु दुबे ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय से माफी मांगें, नहीं तो उनका विरोध किया जाएगा।

सपा नेता भानु दुबे ने आरोप लगाया कि सनातन पांडेय का अपमान पूरे बलिया और ब्राह्मण समाज का अपमान है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ओमप्रकाश राजभर माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें बलिया में विरोध का सामना करना पड़ेगा।

भानु दुबे ने कहा कि जरूरत पड़ी तो ओमप्रकाश राजभर के काफिले का घेराव किया जाएगा और उनके सामने ही विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

दरअसल, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में हुई टूट को लेकर बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय को जिम्मेदार ठहराया था। इसी बयान के बाद सपा नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है।